रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस फिलहाल विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय अपने आंतरिक मतभेदों से जूझ रही है।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि कांग्रेस लगातार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन वे जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देते। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया देहरादून दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यक्रम से पहले बड़ी संख्या में पंजीकरण होने का दावा किया गया था, लेकिन वास्तविक भीड़ उम्मीद के मुताबिक नहीं पहुंची।
हनी पाठक ने कहा कि कांग्रेस जिस संख्या को अपनी सफलता बता रही है, उतने लोग तो बीजेपी के एक विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम में भी शामिल हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी लगातार संगठन को मजबूत करने और जनता से सीधा संवाद करने में जुटी हुई है।
बीजेपी प्रवक्ता के अनुसार पार्टी प्रदेशभर में युवा संवाद, संगठनात्मक बैठकें और जनसंपर्क अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल प्रचार और दावों तक सीमित नजर आ रही है।
उत्तराखंड की राजनीति में चुनाव नजदीक आते ही दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और भी बढ़ने की संभावना है।



