रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए विजिलेंस विभाग लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में विभाग ने अपने कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ विभाग की कार्रवाई की जानकारी भी साझा की गई।
एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि अब तक विजिलेंस विभाग ने 18 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 40 मामले शासन स्तर पर लंबित हैं। इन मामलों में आवश्यक अनुमतियों और कानूनी प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य सभी मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करना है।
डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के फैसले आने के बाद विजिलेंस विभाग पूरे मामले की समीक्षा करता है। यदि जांच या साक्ष्य जुटाने में किसी तरह की कमी सामने आती है तो भविष्य में उसे दूर करने के लिए आवश्यक सुधार किए जाते हैं। इससे विभाग की जांच प्रणाली लगातार मजबूत हो रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत 1064 हेल्पलाइन पर दें। आम लोगों के सहयोग से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।



