रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। इसी क्रम में रुड़की के लंढौरा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। यह मार्च मंगलौर अड्डे से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।
कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बार-बार होने वाले पेपर लीक मामलों ने लाखों प्रतियोगी छात्रों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। उन्होंने इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर होती जा रही है। उनका आरोप था कि पेपर लीक की घटनाओं के पीछे प्रभावशाली लोगों का संरक्षण है, जिसके कारण ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की उम्मीद में वर्षों तक मेहनत करता है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उसकी उम्मीदों को तोड़ देती हैं। पंवार ने सरकार से पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने और युवाओं के हितों की रक्षा करने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने युवाओं से भी इस मुद्दे पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।



