रिपोर्टर: सचिन कुमार
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य मंत्री (समाज कल्याण) एवं झबरेड़ा के पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य संत रविदास के समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
देशराज कर्णवाल ने कहा कि संत रविदास का जीवन समाज के हर वर्ग को एक समान सम्मान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संत रविदास की प्रसिद्ध वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सपना ऐसा समाज था, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को समान अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
राज्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास की जन्मस्थली जाएगा। वहां से पवित्र कलश उत्तराखंड लाया जाएगा, जिसे अगले दिन हरिद्वार बॉर्डर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्राप्त करेंगे।
इसके बाद पवित्र कलश को चुड़ियाला गांव स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में विधि-विधान के साथ स्थापित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



