रिपोर्ट: सुभाष चंद
ऊधम सिंह नगर के खटीमा तहसील क्षेत्र के ग्राम सैजना-पटपुरा में खेत की पानी निकासी को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि पानी निकासी का रास्ता बंद होने से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे धान की फसल प्रभावित हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्षों से खेत का अतिरिक्त पानी एक निर्धारित पाइप के माध्यम से बाहर निकलता रहा है। आरोप है कि पड़ोसी ने उस पाइप को मिट्टी डालकर बंद कर दिया, जिसके बाद खेत में कई फीट तक पानी जमा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार जलभराव रहने से धान की फसल खराब होने लगी है। उनका कहना है कि यदि जल्द निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो नुकसान और बढ़ सकता है। इसी मांग को लेकर उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
दूसरी ओर प्रतिवादी पक्ष ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता उनकी भूमि पर जबरन नाला बनाने का प्रयास कर रहा है और लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
प्रशासनिक अधिकारी गीता गौतम ने बताया कि ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



