रिपोर्टर: मनोज हालदार
नानकमत्ता: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा ने नानकमत्ता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
प्रेस वार्ता में श्रीपाल राणा ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र की जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है और लोग उन्हें विधानसभा में भेजना चाहते हैं ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने वर्तमान कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के लगभग पांच वर्ष पूरे होने वाले हैं, लेकिन क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि कई सड़कें बदहाल स्थिति में हैं और बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रीपाल राणा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने विकास और जनहित के कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उनका विश्वास है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा भेजती है तो उनकी प्राथमिकता नानकमत्ता का चौमुखी विकास होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं सहित हर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी तथा जनता को शिकायत का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।



