
अल्मोड़ा: संविधान गौरव दिवस के अवसर पर चौघानपाटा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलख्वाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार एवं सम्मान दिलाने के लिए समर्पित किया।
भारतीय संविधान के माध्यम से उन्होंने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्यायपूर्ण समाज की मजबूत नींव प्रदान की। संविधान के प्रति सम्मान रखना और उसमें निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता एवं अखंडता का आधार है।
बाबा साहेब ने संविधान निर्माण के माध्यम से भारत को एक ऐसी व्यवस्था दी, जिसमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्राप्त हुआ। संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि हमें अपने मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। आज आवश्यकता है कि हम बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्र की एकता को और अधिक मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचारों, संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य उनके प्रति सम्मान का प्रतीक है। संविधान की गरिमा और उसकी मूल भावना की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
