
रुड़की: रुड़की के नगर निगम सभागार में सुराज सेवा दल के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में रुड़की निवासी एडवोकेट संजीव वर्मा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ संगठन की सदस्यता ग्रहण कर ली। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जोशी ने उन्हें महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में पहुंचे रमेश जोशी का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक रणनीति के संकेत देखने को मिले। कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट संजीव वर्मा ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ सुराज सेवादल का दामन थामा। संगठन के अध्यक्ष रमेश जोशी ने उन्हें महानगर अध्यक्ष नियुक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन रुड़की में और अधिक मजबूत होगा। रमेश जोशी ने कहा कि सुराज सेवा दल हमेशा से गरीबों, मजलूमों और पीड़ितों की आवाज उठाता आया है। संजीव वर्मा के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रमेश जोशी ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि सुराज सेवा दल उत्तराखंड में ऐसे प्रत्याशियों का समर्थन करेगा जो आम जनता की आवाज बुलंद करते हैं और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करते हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और उमेश शर्मा काऊ का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें इन नेताओं को खुले दिल से समर्थन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन जनता के हित में काम करने वाले प्रत्याशियों के साथ खड़ा होगा, जबकि जनता को छलने वालों का विरोध किया जाएगा। वहीं नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष एडवोकेट संजीव वर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनके कार्यों और संघर्षों से भली-भांति परिचित है।
उन्होंने हमेशा पीड़ितों और जरूरतमंदों की आवाज उठाने का काम किया है। संजीव वर्मा ने कहा कि उन्होंने सुराज सेवा दल को इसलिए चुना है, ताकि संगठन के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके और पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई को आगे बढ़ाया जा सके।
