
देहरादून: नगर निगम की दुकानों के आवंटन से शुरू हुआ विवाद अब एक नए कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा को विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह की ओर से दो करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। दोनों ने अपनी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
नोटिस के मुताबिक, पूर्व मेयर पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों के माध्यम से दोनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोप लगाने वालों का कहना है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताने का प्रयास किया गया, जबकि किसी सक्षम अदालत ने उनके खिलाफ ऐसा कोई फैसला नहीं सुनाया है।
विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह का कहना है कि कथित बयानों के प्रसार से उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई है। इसके चलते उन्हें मानसिक परेशानी, सामाजिक अपमान और व्यावसायिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।
सात दिन में माफी और बयान वापस लेने की मांग
भेजे गए कानूनी नोटिस में सुनील उनियाल गामा को सात दिन का समय दिया गया है। दोनों पक्षों ने मांग की है कि उनके खिलाफ की गई कथित टिप्पणियां वापस ली जाएं, सार्वजनिक रूप से लिखित माफी मांगी जाए और उन्हीं माध्यमों पर खंडन भी जारी किया जाए, जहां पहले बयान प्रसारित किए गए थे।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर मांगों पर अमल नहीं किया गया तो दोनों पक्ष अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
40 लाख रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले से शुरू हुआ विवाद
गौरतलब है कि पूरा विवाद देहरादून नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर शुरू हुआ था। इस मामले में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
