
अल्मोड़ा: दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अल्मोड़ा की प्रबंध समिति को अल्पमत में आने के चलते भंग कर दिया गया है। समिति के पुनर्गठन तक संघ की प्रशासनिक और संचालन संबंधी जिम्मेदारी अब मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अल्मोड़ा संभालेंगे। दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक इला गिरि ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सीडीओ को प्रशासक नियुक्त किया है।
नौ में से छह सदस्य हुए अपात्र
जारी आदेश के मुताबिक, दुग्ध संघ की प्रबंध समिति में कुल नौ निर्वाचित सदस्य शामिल थे। इनमें से छह सदस्य अलग-अलग वैधानिक और उपविधिक कारणों से अपात्र घोषित किए गए। इसके बाद समिति में केवल तीन पात्र सदस्य ही शेष रह गए। नियमानुसार कुल निर्वाचित सदस्यों की आधी संख्या से कम पात्र सदस्य रहने पर प्रबंध समिति अल्पमत में मानी जाती है।
अपात्र घोषित किए गए सदस्यों में नीमा देवी (दुधौली), ख्याली दत्त पंत (सिरमोली), सुनीता देवी (चन्द्रकोट), ब्रह्मानंद डालाकोटी (डालाकोट), मोहनी देवी (दुदिला) और चंद्रशेखर जोशी (छतगुल्ला) के नाम शामिल हैं।
विभिन्न कारणों से हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कुछ सदस्य प्राथमिक दुग्ध समितियों में प्रशासक नियुक्त होने, समितियों का कार्यकाल समाप्त होने और निर्धारित दुग्ध आपूर्ति के मानकों को पूरा नहीं करने के कारण अपात्र पाए गए। वहीं, ब्रह्मानंद डालाकोटी की पत्नी के दुग्ध संघ में नियमित कर्मचारी होने का मामला भी सामने आया था।
दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक एवं सचिव ने अगस्त 2026 में ही प्रबंध समिति को भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की थी। इसके बाद सहायक निदेशक डेयरी विकास अल्मोड़ा और बागेश्वर से मामले में रिपोर्ट मांगी गई।
सुनवाई के बाद लिया गया निर्णय
कार्रवाई से पहले संबंधित सदस्यों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। इस मामले को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी। जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर डेयरी विकास निदेशालय ने प्रबंध समिति को अल्पमत में पाया।
दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक ने बताया कि- अल्पमत में आने के कारण दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, अल्मोड़ा (उत्तराखंड) की वर्तमान प्रबंध कमेटी को भंग कर दिया गया है और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को प्रशासक नियुक्त किया गया है.
-इला गिरि, दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक–
