
रुड़की: कोविड काल के दौरान पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों को दोबारा उनके पुराने पदों पर भेजे जाने के मामले में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने विरोध जताया है। शुक्रवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक ज्ञापन एएसडीएम स्वाति मिश्रा को सौंपा।
यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में कई अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनता की सेवा की थी। उस दौरान सरकार की ओर से उन्हें पदोन्नति दी गई थी, लेकिन अब उन्हें दोबारा उनके पुराने पदों पर भेजा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पदोन्नति के बाद भी संबंधित अधिकारियों को उनके नए पद के अनुरूप बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया गया। ऐसे में अब उन्हें पुराने पदों पर वापस भेजना उचित नहीं है।
यूकेडी नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कोविड काल में पदोन्नत किए गए अधिकारियों को उनका पद और उसके अनुरूप वेतन दोबारा प्रदान किया जाए, ताकि संकट के समय उनकी सेवाओं का उचित सम्मान हो सके।
इस दौरान यूकेडी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
