
रुड़की: तहसील परिसर में 23 अक्टूबर से वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना लगातार जारी है। आज धरने पर बैठी सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सरकार उनके हित में कोई निर्णय लेती है, तो उनका मासिक वेतन कम से कम 20 हजार रुपये किया जाए। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के समय उन्हें 10 हजार रुपये की एकमुश्त धनराशि भी दी जाए।
वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेता भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की वेतन बढ़ोतरी के मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द से जल्द कोई ठोस निर्णय लेना चाहिए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी साफ किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
