
भाजपा-कांग्रेस के मुकाबले मजबूत पहचान बनाने की चुनौती, मूल निवास, भू-कानून और गैरसैंण जैसे मुद्दों के सहारे जनता तक पहुंचने की कोशिश
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में अपनी खोई हुई पहचान और जनाधार वापस पाने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य आंदोलन से निकले इस क्षेत्रीय दल की कोशिश एक बार फिर प्रदेश की सियासत में मजबूत दावेदारी पेश करने की है। इसके लिए पार्टी ने जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए घर-घर पहुंचने की रणनीति तैयार की है।
भाजपा और कांग्रेस के बीच तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में जगह बनाना यूकेडी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। राज्य आंदोलन के दौरान जनता के बीच बनी पार्टी की पहचान को अब चुनावी समर्थन में बदलने की कवायद की जा रही है। पार्टी का मानना है कि क्षेत्रीय अस्मिता और उत्तराखंड के स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत की जा सकती है।
घर-घर पहुंचकर जनता से जुड़ने की रणनीति
यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता इन दिनों ‘घर-घर चर्चा, घर-घर पर्चा’ अभियान के जरिए लोगों से संवाद कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं को समझने के साथ पार्टी की विचारधारा और क्षेत्रीय मुद्दों को लोगों तक पहुंचाना है। पार्टी संगठन को सक्रिय बनाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना बड़ी चुनौती
भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले यूकेडी का संगठनात्मक ढांचा कई क्षेत्रों में कमजोर माना जाता है। दोनों राष्ट्रीय दलों की बूथ स्तर तक मजबूत मौजूदगी है। ऐसे में यूकेडी के सामने अपने कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करना और प्रत्येक क्षेत्र में संगठन को सक्रिय करना अहम चुनौती है। इसके लिए पार्टी ने ‘एक बूथ, 10 यूथ’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके माध्यम से बूथ स्तर पर युवाओं को संगठन से जोड़ने की योजना है।
स्थानीय मुद्दों को चुनावी एजेंडे में बदलने की कोशिश
यूकेडी के सामने केवल जनसंपर्क बढ़ाने की चुनौती नहीं है, बल्कि जनता के बीच उठाए जाने वाले मुद्दों पर ठोस समाधान पेश करना भी जरूरी है। मूल निवास, सशक्त भू-कानून, स्थायी राजधानी गैरसैंण, बेरोजगारी और पलायन जैसे विषय लंबे समय से प्रदेश की राजनीति के केंद्र में रहे हैं।
पार्टी को इन मुद्दों पर सिर्फ राजनीतिक बयान देने के बजाय स्पष्ट नीतियां और व्यावहारिक विकल्प जनता के सामने रखने होंगे। युवाओं, स्थानीय लोगों और पहाड़ की समस्याओं से जुड़े वर्गों का विश्वास जीतना भी जरूरी होगा।
