
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी औपचारिकताएं पूरी कर काम शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगले एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। हर की पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत और सुभाष घाट का 50 प्रतिशत पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। जानकी झूला के समीप कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। त्रिवेणी घाट का विकास, आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण भी जारी है।
वहीं, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। शारदा घाट पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है।
तीनों कॉरिडोर की कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक महत्व का ध्यान रखा जाए। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार में 72 हेक्टेयर क्षेत्र में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने तथा पर्यटन और निजी निवेश को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
