
धामी कैबिनेट ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को दी मंजूरी, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में देनी होगी सेवाएं। वर्तमान शैक्षणिक सत्र से लागू होगी नई व्यवस्था।
देहरादून: उत्तराखंड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा का प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया। अब प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमडी, एमएस और अन्य पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दो साल तक सरकारी सेवाएं देनी होंगी।
दो साल की सेवा, अलग-अलग संस्थानों में होगी तैनाती
नई व्यवस्था के तहत पीजी पूरा करने वाले डॉक्टरों को पहले एक साल संबंधित राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में सेवाएं देनी होंगी। इसके बाद अगले एक साल तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत प्रदेश के पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य इन क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
बॉन्ड तोड़ने पर 60 से 75 लाख रुपये तक जुर्माना
सरकार ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आर्थिक दंड का भी प्रावधान किया है। यदि कोई डॉक्टर निर्धारित अवधि की सरकारी सेवा पूरी किए बिना बॉन्ड तोड़ता है तो उसे 60 लाख से 75 लाख रुपये तक की पेनल्टी चुकानी पड़ सकती है। यह नियम वर्तमान शैक्षणिक सत्र से लागू किए जाने का निर्णय लिया गया है।
अब तक पीजी में बॉन्ड की व्यवस्था थी वैकल्पिक
दरअसल, उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई के लिए अब तक बॉन्ड की व्यवस्था वैकल्पिक थी। इसके अलावा राज्य कोटे के बाहर से प्रवेश लेने वाले छात्रों पर सरकारी सेवा देने की ऐसी अनिवार्यता नहीं थी। नतीजतन, दूसरे राज्यों से पीजी करने आने वाले कई छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने गृह राज्यों में लौट जाते थे।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय के अनुसार, इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले सभी छात्रों के लिए दो साल का सेवा बॉन्ड अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य और केंद्र कोटे से प्रवेश लेने वाले छात्रों को भी निर्धारित सरकारी सेवा पूरी करनी होगी।
एमबीबीएस में पहले से लागू है बॉन्ड व्यवस्था
उत्तराखंड में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए पहले से ही बॉन्ड की दो व्यवस्थाएं लागू हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बॉन्ड के तहत एमबीबीएस करने वाले छात्रों को तीन साल तक सरकारी सेवा देनी होती है। इसके लिए उनकी सालाना ट्यूशन फीस लगभग 40 हजार रुपये है। वहीं, बॉन्ड के बिना पढ़ाई करने वाले छात्रों को करीब चार लाख रुपये सालाना ट्यूशन फीस देनी पड़ती है।
पहाड़ी जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की कोशिश
उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। सरकार की ओर से पहले भी डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए गए हैं, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए हैं। खासतौर पर सीनियर रेजिडेंट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चुनौती बनी हुई है।
नई बॉन्ड व्यवस्था के जरिए सरकार को उम्मीद है कि हर साल पीजी पूरा करने वाले डॉक्टरों की सेवाएं प्रदेश को मिलती रहेंगी। इससे पहाड़ी जिलों के अस्पतालों और दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
