
हल्द्वानी/नैनीताल: कुमाऊं कमिश्नरी परिसर में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए की गई मॉक ड्रिल ने अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। अभ्यास के दौरान दमकल और राहत-बचाव टीमों को मौके पर पहुंचने में करीब 20 मिनट लग गए। वहीं, फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम होने और सड़क के ऊपर झूलते बिजली व केबल के तारों के कारण दमकल वाहन को परिसर तक पहुंचने में भी परेशानी हुई।
बुधवार को आयोजित इस मॉक ड्रिल के तहत दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर कमिश्नरी कार्यालय में आग लगने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद आपातकालीन नंबर 1077 के माध्यम से फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ समेत संबंधित राहत-बचाव टीमों को सूचना भेजी गई।
करीब 20 मिनट बाद टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, इसके बाद आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान आग में झुलसे दो कर्मचारियों और भगदड़ जैसी स्थिति में घायल हुए तीन अन्य कार्मिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आसपास की इमारतों का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।
हाइड्रेंट में कम दबाव, तारों ने रोका दमकल वाहन
मॉक ड्रिल के दौरान सबसे गंभीर समस्या फायर हाइड्रेंट की कार्यक्षमता को लेकर सामने आई। कमिश्नरी परिसर और जिला न्यायालय के आसपास लगे हाइड्रेंट में पानी का दबाव अपेक्षा से कम पाया गया। इसके अलावा सड़क के ऊपर लटक रहे बिजली और अन्य केबल के तारों के कारण दमकल का बड़ा वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में वास्तविक आगजनी की स्थिति में राहत कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी, सुधार के निर्देश
व्यवस्थाओं में मिली खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को फायर हाइड्रेंट का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण कराने और पानी के दबाव की समस्या दूर करने को कहा। वहीं, बिजली और अन्य विभागों को झूलते तारों की जांच कर उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों को भी चिह्नित करने को कहा, जहां संकरी सड़कें और सीढ़ियां होने के कारण बड़े दमकल वाहन नहीं पहुंच पाते। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन तैयारियों को परखना था, लेकिन सामने आई कमियों ने साफ कर दिया कि आग जैसी आपदा से निपटने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की जरूरत है।
