
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सेवानिवृत्त सैनिकों को मिलेगा प्रशिक्षण: भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा।

हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक आपदा मित्र शिक्षक: अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
आवासीय अग्निकांड को माना जाएगा आपदा:आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा माना जाएगा। प्रभावितों को एसडीआरएफ के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।
बचाव कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान: आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं में निःस्वार्थ भाव से राहत-बचाव कार्य करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी।
आईआरएस पुस्तिका और आपदा प्रबंधन योजना का विमोचन: मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका एवं उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए जनजागरूकता, पूर्व तैयारी और त्वरित राहत व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने भूकंप से बचाव के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
सिलक्यारा अभियान का किया उल्लेख: मुख्यमंत्री ने 12 नवंबर 2023 को सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के बचाव अभियान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य की एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि सिलक्यारा अभियान बेहतर टीमवर्क और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण था। उन्होंने अंतिम प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाने को प्राथमिकता बताया।
वहीं, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
