
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और सड़कों से उड़ने वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की पहल की है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय से 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सपोर्ट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मशीनों की मदद से सड़कों पर जमा धूल और बारीक कणों को हटाया जाएगा, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
66 से बढ़कर 76 हुई रोड स्वीपिंग मशीनों की संख्या
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में पहले 66 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें काम कर रही थीं। अब 10 नई मशीनें शामिल होने के बाद इनकी कुल संख्या बढ़कर 76 हो गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकार ने 70 अतिरिक्त मशीनों का ऑर्डर दिया है। इनके आने के बाद राजधानी की सड़कों की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

धूल और बारीक कणों को हटाने में मिलेगी मदद
नई मशीनों को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। इनमें विशेष सिस्टम लगाया गया है, जो सड़कों पर जमा धूल और छोटे-छोटे कणों को इकट्ठा करेगा। इससे सफाई के दौरान धूल के दोबारा हवा में फैलने की समस्या को कम करने में सहायता मिलेगी।
9 सपोर्ट वाहन भी अभियान में शामिल
सफाई अभियान को सुचारु रूप से चलाने के लिए 9 सपोर्ट वाहन भी रवाना किए गए हैं। ये वाहन रोड स्वीपिंग मशीनों को पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा मशीनों की आपूर्ति करने वाली कंपनियों के साथ 10 साल तक रखरखाव की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मशीनों का संचालन लंबे समय तक प्रभावी ढंग से हो सके।
डिजिटल सिस्टम से होगी मशीनों के काम की निगरानी
सरकार अब केवल मशीनों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उनके कामकाज पर भी नजर रखेगी। इसके लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया जाएगा। इस सिस्टम के माध्यम से मशीनों द्वारा तय की गई दूरी, काम करने के घंटे और एकत्र की गई धूल की मात्रा का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि मशीनों का इस्तेमाल निर्धारित क्षमता के अनुसार हो रहा है या नहीं।
कचरा प्रबंधन को भी बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर काम किया जा रहा है। सड़कों की सफाई के साथ-साथ कूड़े और कचरे के उचित निस्तारण पर भी सरकार का ध्यान है। लक्ष्य है कि रोजाना निकलने वाले कचरे का बेहतर प्रबंधन हो और राजधानी को स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, पार्षद रजनीकांत और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
