रिपोर्ट: सुभाष चंद
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। खेतलसंडा खाम, खटीमा निवासी प्रार्थीगणों ने सविता बिन्जोला पत्नी शिव प्रसाद बिन्जोला और उनके कुछ सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उन्हें बदनाम करने और मोटी रकम वसूलने की साजिश रची जा रही है।
SIT जांच के बाद बढ़ी पैसों की मांग का आरोप
प्रार्थीगणों के अनुसार, सविता बिन्जोला द्वारा पहले उनके खिलाफ एसआईटी में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। उनका कहना है कि जांच में मामला साफ पाए जाने के बाद अब उनसे 30 लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि शुरुआत में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दिया गया।
“पूरा पैसा लौटाया जा चुका है” — शिकायतकर्ता
अमित राणा समेत अन्य शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सविता बिन्जोला से लिया गया पूरा पैसा पहले ही वापस किया जा चुका है और इसके दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है और धमकी दी जा रही है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो वायरल कर उन्हें समाज में बदनाम कर दिया जाएगा। इस पूरे मामले के बाद परिवार खुद को डरा और असुरक्षित महसूस कर रहा है।
सहयोगियों पर भी गंभीर आरोप
निवेदन कर्ताओं ने सविता बिन्जोला के कुछ सहयोगियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इनमें से एक व्यक्ति के खिलाफ हरिद्वार में आईपीसी की धारा 389, 504 और 506 के तहत पहले भी मुकदमा दर्ज हो चुका है और वह जेल भी जा चुका है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी इसी तरह लोगों के वीडियो बनाकर डराने और पैसे वसूलने के मामलों में शामिल रहा है।
प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित पक्ष ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।


