उत्तराखंड विधानसभा के 28 अप्रैल को प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर देहरादून स्थित विधानसभा भवन में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने की।
बैठक में विशेष सत्र के एजेंडे और कार्यवाही को अंतिम रूप दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक दिवसीय विशेष सत्र में मुख्य रूप से ‘नारी शक्ति वंदन’ और आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव को प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव पहले संसद में भी लाया गया था, लेकिन विपक्ष द्वारा इसे स्वीकार नहीं किया गया था। ऐसे में राज्य सरकार अब इसे विधानसभा के विशेष सत्र में लाने जा रही है, ताकि महिलाओं के सम्मान और उनके संवैधानिक अधिकारों को लेकर स्पष्ट संदेश दिया जा सके।
सुबोध उनियाल ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि सत्र एक दिन का ही है, इसलिए कार्यमंत्रणा समिति में केवल एक ही प्रमुख एजेंडा तय किया गया है। यह एजेंडा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और उनके सशक्तिकरण से जुड़ा हुआ है।
राजनीतिक दृष्टि से यह विशेष सत्र काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा और निर्णय की संभावना है।


