रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर के प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर परिसर में बिना अनुमति हनुमान जी की मूर्ति रखे जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। मंदिर समिति ने इस मामले को गंभीर बताते हुए एसडीएम और कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. निशांत पपनै समेत कई पदाधिकारी एसडीएम गोपाल सिंह चौहान से मिले। उन्होंने प्रशासन को दिए गए पत्र में आरोप लगाया कि सोमवार देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच कुछ सामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में बिना अनुमति हनुमान जी की मूर्ति रख दी।
मंदिर समिति का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से मंदिर की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और कुछ लोग माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। समिति के अनुसार, सुबह जब मंदिर के पुजारी और पदाधिकारियों को इसकी जानकारी मिली तो परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं।
समिति ने आरोप लगाया कि करणी सेना की मौजूदगी में कुछ अन्य लोगों द्वारा बिना अनुमति मूर्ति रखी गई, जो पूरी तरह गलत और नियमों के विरुद्ध है। मामले को लेकर मंदिर समिति ने प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि करणी सेना की ओर से पहले एक प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें मंगलवार सुबह 9 बजे मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति स्थापना की बात कही गई थी। लेकिन रात में गुपचुप तरीके से मूर्ति रखे जाने का मामला गंभीर है।
एसडीएम ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई के लिए वन विभाग तथा कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया है। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।


