देहरादून: दून पुलिस ने बहुचर्चित अजय भाटेजा हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी अमित भाटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से दबोचा, जहां से उसके पास एक बैग और वाहन से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 19 मई को इस हत्याकांड को हुए एक वर्ष पूरा हो चुका है। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान करीब दो सप्ताह पहले 19 मई को इस मामले में शामिल शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसकी साथी और प्रेमिका हुमैरा की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए, जिसमें पुलिस को 23 मई को सफलता मिली।
मुख्य साजिशकर्ता अमित भाटेजा की तलाश जारी थी, जिसे आखिरकार 5 जून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हुआ है।
जांच में सामने आया है कि मृतक अजय भाटेजा के सौतेले भाई अमित भाटेजा ने संपत्ति हड़पने की नीयत से इस हत्या की साजिश रची थी। उसने राजन उर्फ जैकी और उसकी प्रेमिका को संपत्ति का आधा हिस्सा देने का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


