नैनीताल में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा: 53 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर समाधान

Date:

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा आम लोगों के लिए राहत और भरोसे का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। सेवा, सुशासन और समर्पण अभियान के तहत आयोजित इस जनसमस्या समाधान शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

शिविर का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

27 विभागों ने लगाए स्टॉल, लोगों को मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, आवेदन स्वीकार किए और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: विधायक

विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो।

उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने की अपील भी की।

एडीएम विवेक राय ने शिविर में लगाई अदालत, वर्षों पुराने तीन मामलों का निस्तारण

शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जनसमस्या समाधान शिविर को सेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाया जाए तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने एक अनूठी पहल करते हुए वर्ष 2016 और 2018 से न्यायालय में लंबित तीन मामलों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही की और तीनों मामलों का मौके पर विधिसम्मत निस्तारण कर दिया। यह शिविर की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहा।

53 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर समाधान

शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद, सड़क मरम्मत, जल निकासी, विरासत, पेयजल, सिंचाई और अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर अधिकारियों ने मौके पर सुनवाई की। वहीं, झूठे शपथ पत्रों के आधार पर सरकारी अनुमति लेने और अवैध अतिक्रमण के मामलों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

15 महिलाओं को मिली मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिविर में 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

लोक संस्कृति के माध्यम से पहुंचा योजनाओं का संदेश

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति, रामनगर के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाया। जिला सूचना विभाग ने भी विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की।

विवेक राय बोले— जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है सेवा पखवाड़ा

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार सेवा पखवाड़ा जनसमस्याओं के समाधान का एक सशक्त मंच बन चुका है। शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।”

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना: 4.39 करोड़ रुपये की सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर, मंत्री रेखा आर्या ने किया DBT

रिपोर्ट: सचिन कुमार देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना...

सितारगंज में सेवा, सुशासन एवं समर्पण शिविर का आयोजन, मौके पर सुनी गईं लोगों की समस्याएं

रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित सितारगंज के महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट परिसर...

अनुशासनहीनता से पार्टी को नुकसान, लेकिन भाजपा भी इससे अछूती नहीं: सूर्यकांत धस्माना

रिपोर्ट: सचिन कुमार देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस की हाल ही में...