रिपोर्ट: भगवान सिंह
टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र के बागवान स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पहचान 38 वर्षीय सुनील भट्ट, पुत्र मणिराम भट्ट, निवासी ग्राम बागवान, कीर्तिनगर के रूप में हुई है। वह स्थानीय पेट्रोल पंप पर कार्यरत था और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद था।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में युवक पहले पेट्रोल पंप से बाहर जाता हुआ दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह वापस लौटता है। लौटने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ जाती है और उसे खून की उल्टियां होने लगती हैं। इसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। तब तक दुर्घटना, बीमारी या अन्य किसी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी रहेगी।



