रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून: देहरादून जिला प्रशासन ने समाधान दिवस के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार समाधान दिवस के दौरान करीब 164 से 170 शिकायतों को चिन्हित कर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
डीएम ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के समन्वय से उनका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। प्रशासन लगातार इस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास कर रहा है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने बताया कि इस बार प्राप्त शिकायतों में एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। पहले जहां भूमि विवाद और सीमांकन से जुड़े मामले अधिक आते थे, वहीं इस बार ऐसे मामलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। इससे संकेत मिलता है कि प्रशासन की पूर्व में की गई कार्रवाई का असर दिखाई देने लगा है।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिले में GIS मैपिंग लागू होने के बाद भूमि और संपत्ति से जुड़े मामलों का निस्तारण और अधिक पारदर्शी होगा। डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से सीमांकन संबंधी विवादों में कमी आएगी और लोगों को जल्द राहत मिल सकेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और तकनीक के बेहतर उपयोग से जनसेवा को और प्रभावी बनाया जाएगा।



