रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: रुड़की के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जन निर्माण पार्टी ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले कई नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के टिकट पर लड़ने की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में संगठन का विस्तार प्रदेश के विभिन्न जिलों तक किया जाएगा।
इस मौके पर जन निर्माण पार्टी की अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि पार्टी लगातार तेजी से मजबूत हो रही है और बड़ी संख्या में लोग इसकी विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन निर्माण पार्टी की लड़ाई केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उनका आरोप था कि कई जनप्रतिनिधि जनता से वोट लेने के बाद अपने क्षेत्रों के विकास पर ध्यान नहीं देते, जबकि उनकी पार्टी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देकर काम करेगी।
सोनिया शर्मा ने यह भी कहा कि पार्टी जल्द ही अपने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जन निर्माण पार्टी जनता के बीच एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
वहीं, खानपुर विधायक उमेश कुमार ने विभिन्न दलों को छोड़कर जन निर्माण पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी तथा संगठन को प्रदेशभर में विस्तार देने में मदद मिलेगी।



