रिपोर्टर: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में अवैध पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। एक होटल संचालक द्वारा सड़क किनारे और निर्धारित स्थान से बाहर वाहनों की पार्किंग कराए जाने से परेशान लोगों ने कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अवैध पार्किंग के कारण क्षेत्र में यातायात बाधित हो रहा है और आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस अव्यवस्था का उनके रोजगार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
राघव झा के नेतृत्व में एकत्रित होकर क्षेत्र के लोग कोतवाली पहुंचे और कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर टीम भेजी।
जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने होटल संचालक को सख्त निर्देश दिए कि वह केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही ग्राहकों के वाहन खड़े कराएं। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल संचालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। उन्होंने लिखित में पुलिस से माफी मांगते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


