संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। विभाग की टीम ने परशुराम चौक, पुरानी चुंगी क्षेत्र में अचानक छापेमारी कर 16 पेटी शराब जब्त की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने पुरानी चुंगी स्थित एक कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 11 पेटी देशी और 5 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान अजय जाटव उर्फ अजय लाला, निवासी आईडीपीएल नंदू फार्म, ऋषिकेश के रूप में हुई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान एक अन्य तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी पहचान की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए टीम लगातार तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
आबकारी निरीक्षक का कहना है कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति सख्ती से लागू है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


