संवाददाता: सागर रस्तोगी
उत्तराखंड के मुनिकीरेती-कौड़ियाला इको टूरिज्म जोन में साहसिक पर्यटन के नाम पर पर्यटकों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पांच राफ्टिंग कंपनियों को नियमों की अनदेखी करते हुए पकड़ा गया, जो आधी रात में ओवरलोडिंग के साथ गंगा में राफ्टिंग करा रही थीं।
आधी रात राफ्टिंग और ओवरलोडिंग का खुलासा
पर्यटन विभाग की चेकिंग के दौरान यह खुलासा हुआ कि कुछ कंपनियां तय नियमों को दरकिनार कर रात के समय राफ्टिंग गतिविधियां संचालित कर रही थीं। जांच में दो कंपनियों की राफ्टें रात में गंगा में चलती पाई गईं, जो सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।
इसके अलावा तीन अन्य कंपनियों पर ओवरलोडिंग और टोकन पर्ची से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगे हैं।
प्रतिबंधित क्षेत्र में भी पर्यटकों को ले गया गाइड
चेकिंग के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया, जहां स्वर्गाश्रम की एक कंपनी का गाइड पर्यटकों को प्रतिबंधित वन क्षेत्र ‘यूसुफ बीच’ में लेकर गया। यह क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है, बावजूद इसके गाइड ने नियमों की अनदेखी की।
इस मामले में संबंधित गाइड का लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की गई है।
पर्यटन विभाग की सख्ती, रिपोर्ट भेजी गई
साहसिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली सभी कंपनियों के खिलाफ रिपोर्ट उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद को भेज दी गई है। साथ ही यह भी सामने आया कि कुछ कंपनियां प्रति पर्यटक निर्धारित शुल्क भी जमा नहीं कर रही थीं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पर्यटन विभाग ने साफ किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की सख्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


