रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी के व्यस्त मॉल रोड क्षेत्र में स्थित लवली ऑमलेट सेंटर के पास हुई मारपीट की घटना एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
वायरल वीडियो में कुछ पर्यटक एक स्थानीय दंपति और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पर्यटकों ने एक भारी प्लास्टिक ट्रे से हमला किया, जिससे एक महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गई। घटना में अन्य लोगों को भी चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मारपीट में शामिल पर्यटक हरियाणा से मसूरी घूमने आए थे, जबकि दूसरा पक्ष मसूरी का स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी, लेकिन अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल हल्की धाराओं में कार्रवाई की और उन्हें छोड़ दिया। इसी बात को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि गंभीर मारपीट की घटना के बावजूद कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं होने से गलत संदेश जा रहा है।
इस मामले में अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल, व्यापार मंडल के महामंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश रावत और व्यापारी पियूष गोयल समेत कई स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उनका कहना है कि यदि पर्यटकों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मारपीट और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं में सख्ती नहीं दिखाई गई, तो भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो सकती है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि कानून का भय बना रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
फिलहाल, यह मामला मसूरी में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।



