रिपोर्ट: अरशद हुसैन
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) के कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। रुड़की में सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जॉइंट मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय तक मार्च निकाला। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
सुराज सेवा दल के नेता एवं ग्राम प्रधान नौशाद अली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से इस्तीफा लेना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल अन्य नेताओं ने भी सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि मामले में समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के हितों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
UTU के कथित पेपर लीक मामले को लेकर अब विरोध लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



