संवाददाता: वाचस्पति रयाल
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगराखाल से लगभग 3 किलोमीटर आगे स्थित भिन्नू बस्ती में बिजली की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। तेजी से विकसित हो रही इस बस्ती और बाजार क्षेत्र के लोग सिंगल फेज बिजली व्यवस्था से परेशान हैं और अब डबल फेज विद्युतीकरण की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मौजूदा बिजली व्यवस्था उनकी जरूरतों के अनुरूप नहीं है। सिंगल फेज सप्लाई के कारण वोल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव रहता है, जिससे घरों में न तो पर्याप्त रोशनी मिल पाती है और न ही बिजली से चलने वाले उपकरण सही तरीके से काम कर पाते हैं।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और विकराल रूप ले रही है। पंखे ठीक से नहीं चलने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रात के समय कम रोशनी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा, स्थानीय व्यवसाय भी इससे प्रभावित हैं। वेल्डिंग जैसे छोटे उद्योग सिंगल फेज बिजली में संभव नहीं हो पा रहे हैं, जिससे कामकाज ठप पड़ रहा है और लोगों की आमदनी पर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग से डबल फेज विद्युतीकरण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
निवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।


