रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर लौटे दिव्यांग खिलाड़ियों का रुड़की में जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया।
आदर्शनगर स्थित रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गर्वनर रवि प्रकाश के कैंप कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया गया। कार्यक्रम में ब्रॉन्ज मेडल विजेता इंजीनियर दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार का रोटरी परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गर्वनर रवि प्रकाश ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रुड़की, उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगता कभी भी किसी व्यक्ति की प्रतिभा और सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड में जल्द ही दिव्यांग खेल नीति लागू होगी, जिससे ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर प्राप्त होंगे।
वहीं विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय रोटरी क्लब, अपने सहयोगियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे देश के लिए और बड़े मंचों पर पदक जीतने का प्रयास जारी रखेंगे।
दिव्यांग खिलाड़ियों की यह उपलब्धि समाज को यह संदेश देती है कि मजबूत इरादे, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है। रुड़की के इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि जुनून और समर्पण के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।



