रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
सितारगंज: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के कथित दुरुपयोग को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। मामला गणेश गोदियाल की छवि को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरताज अहमद ने कोतवाली सितारगंज में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि “नमन सितारगंज” नाम के एक यूट्यूब चैनल ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर एक फर्जी और भ्रामक वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
फर्जी वीडियो से विवाद
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में गणेश गोदियाल के नाम से बंगाली समाज के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिखाया गया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष ने ऐसे किसी भी बयान से साफ इनकार किया है।
कांग्रेस ने बताया साजिश
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है, जिसका उद्देश्य एक वरिष्ठ नेता की छवि को धूमिल करना और समाज में तनाव पैदा करना है।
कोतवाली में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कार्रवाई पर नजरें
फिलहाल इस पूरे मामले में सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाती है।


