देहरादून। उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यभर में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि मोर्चा द्वारा प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में ‘लखपति बहन कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 60 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जबकि शेष 5 से 7 विधानसभा क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह के भीतर कार्यक्रमों का आयोजन पूरा कर लिया जाएगा।
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला मोर्चा जल्द ही विधानसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष सम्मेलन आयोजित करेगा। इन सम्मेलनों में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष और पार्षदों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिला मतदाताओं तक केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा का अगला प्रमुख लक्ष्य युवा वर्ग और विशेष रूप से नई महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाना है। इसके लिए कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवतियों को सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों से जोड़ा जा सके।
इसके अलावा, पिराण कलियर विधानसभा क्षेत्र में भी महिला मोर्चा द्वारा एक बड़े सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 500 से 700 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। पार्टी का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं के बीच संगठन की पहुंच और जनाधार को और मजबूती मिलेगी।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है तथा आगामी महीनों में इन गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।



