रिपोर्टर – सचिन कुमार
मुकुल मैंदोली ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव जनता के बीच साफ दिखाई दे रहा है।
देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मुकुल मैंदोली ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा ने उत्तराखंड की राजनीति में “एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा” के लंबे समय से चले आ रहे मिथक को तोड़ा था। अब पार्टी 2027 में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाने जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “उत्तराखंड का दशक” विजन को साकार करने के लिए प्रदेश में राष्ट्रवादी सोच वाली सरकार का बने रहना बेहद आवश्यक है। मैंदोली ने दावा किया कि भाजपा इस बार भी भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
भाजपा युवा मोर्चा ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं, रोजगार, बुनियादी ढांचे और पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है, जिसके चलते पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल बना हुआ है।


