रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में केहरी गांव के पास यातायात जाम को लेकर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और कुछ छात्रों के बीच बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, कल शाम थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि केहरी गांव और उसके आसपास के इलाके में भारी यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पाया गया कि केहरी गांव स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के आसपास वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा किया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खड़े वाहनों को हटवाया और ट्रैफिक को सुचारू करने का प्रयास किया।
इस दौरान संस्थान के बाहर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में खड़े छात्र-छात्राओं को भी वहां से हटने के लिए कहा गया। अधिकांश छात्र पुलिस के निर्देश का पालन करते हुए वहां से हट गए, लेकिन कुछ युवकों ने पुलिस के साथ बहस शुरू कर दी और ड्यूटी में बाधा डालने की कोशिश की।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद हालात सामान्य हो सके।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मामले का संज्ञान लिया। एसएसपी ने वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


