संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के भंगेड़ी गांव में लंबे समय से चल रहा रास्ता विवाद अब सुलझने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
दरअसल, रुड़की तहसील क्षेत्र के भंगेड़ी गांव में सेना और ग्रामीणों के बीच रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद बना हुआ था। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सेना द्वारा रास्ता बंद कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों, किसान यूनियनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। मामला आखिरकार हाईकोर्ट पहुंचा, जहां डबल बेंच ने स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों के लिए रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी देखने को मिल रही है। खानपुर विधायक उमेश कुमार ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के अनुसार, सेना के अधिकारियों के साथ एक बैठक पहले ही हो चुकी है और जल्द ही दूसरी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें समाधान की दिशा में अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का जल्द समाधान निकल जाएगा और उन्हें आवागमन में राहत मिलेगी।


