रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर के मोहान क्षेत्र में निर्माणाधीन एक रिजॉर्ट पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। प्रारंभिक जांच में सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण और बिना अनुमति निर्माण किए जाने की आशंका जताई गई है।
उपजिलाधिकारी रामनगर के नेतृत्व में कृषि विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन को रिजॉर्ट निर्माण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद जांच के लिए संयुक्त टीम गठित की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि निर्माणाधीन भवन उस स्थान पर बनाया जा रहा है, जहां पहले सिंचाई विभाग की गूल संचालित होती थी। आरोप है कि गूल को बिना अनुमति डायवर्ट किया गया और इसके लिए सिंचाई विभाग से किसी प्रकार की एनओसी भी नहीं ली गई।
गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है और संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण या अवैध निर्माण की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले में भवन की ऊंचाई को लेकर भी शिकायत सामने आई है। प्राधिकरण की टीम इस पहलू की अलग से जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद तय की जाएगी।


