रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया। देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कोर कमेटी और संगठनात्मक बैठकों में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों को विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं व जनता से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने संगठन की मजबूती को आगामी चुनावों की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर एक बार फिर उत्तराखंड में मजबूत जीत दर्ज करेगी। बैठक में पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा देवतुल्य जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक रचने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है और हर स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।


