रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। टिकोला गांव में कुछ युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ लाठी-डंडों, थप्पड़ों और चप्पलों से बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक जमीन पर बैठे हाथ जोड़कर रहम की भीख मांग रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार उन पर लाठियां और थप्पड़ बरसा रहे हैं। घायल युवकों के सिर और कपड़ों पर खून के गहरे निशान इस बात की गवाही दे रहे हैं कि उनके साथ कितनी बर्बरता की गई।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच युवक-युवती के संबंधों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों को बंधक बना लिया और फिर बंद कमरे या परिसर में उनकी जमकर पिटाई कर दी।
मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है और मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान और घटना की सत्यता की पुष्टि की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों के बीच चर्चा का विषय बना यह वीडियो एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर कानून को हाथ में लेकर इस तरह की गुंडागर्दी करने की हिम्मत लोगों में कैसे आ जाती है।


