रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल में देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कारगिल युद्ध के वीर जवानों को याद किया।
कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और उनके अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास रच दिया।
एसएसपी ने कहा कि राष्ट्र उन वीर सपूतों का हमेशा ऋणी रहेगा जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सीमाओं की रक्षा की। उनका त्याग और समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और सभी ने कारगिल के वीर जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को कभी नहीं भूलने का संकल्प लिया।



