देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर स्थित अपने निजी आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
रेखा आर्या ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एपिसोड में खेल, विज्ञान, महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख कर नई पीढ़ी का उत्साह बढ़ाया। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियों को सामने लाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी लोगों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
रेखा आर्या ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।



