रिपोर्ट: अरशद हुसैन
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को रुड़की स्थित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया और प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना जरूरी है। यही संस्कार भविष्य में देश और समाज को नई दिशा देंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखंड नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है। सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रदेश के टॉपर्स को भारत भ्रमण जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष शानदार परीक्षा परिणाम देकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। सरकार ऐसे विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे अपने सपनों को पूरा कर सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए थे।



