रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इन चर्चाओं के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने साफ किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
विभाग के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया था। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुल की मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ा।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मौके पर विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं। प्रभावित हिस्से को तेजी से ठीक किया जा रहा है ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके और यातायात सामान्य हो सके।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सचिव ने यह भी कहा कि प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी नई सड़क या पुल में समय से पहले खराबी मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



