Tuesday, November 24, 2026
HomeUncategorizedरक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा उत्तराखंड रोडवेज बसों में दो दिन...

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा उत्तराखंड रोडवेज बसों में दो दिन मिलेगा निःशुल्क सफर, सीएम धामी का ऐलान……..

देहरादून। उत्तराखंड की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सरकार ने बड़ी सौगात की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया है कि इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में दो दिनों तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन पर महिलाओं को अपने परिजनों से मिलने-जुलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले यह सुविधा केवल एक दिन के लिए उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर दो दिन कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दिल्ली, तेलंगाना और तमिलनाडु की तर्ज पर महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था लागू करने की मांग की थी। परिषद के सुझाव और शासन स्तर पर प्राप्त फीडबैक के बाद इस दिशा में तेजी से काम किया गया।

हालांकि उत्तराखंड परिवहन निगम वर्तमान में वित्तीय चुनौतियों और देनदारियों का सामना कर रहा है, फिर भी सरकार ने महिला हितों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि इस योजना से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 900 रोडवेज बसें संचालित होती हैं। इनमें सफर करने वाले यात्रियों में करीब 50 हजार महिलाएं और छात्राएं शामिल होती हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से महिलाओं को राहत मिलेगी और त्योहार के दौरान यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा।

मुख्यमंत्री के इस फैसले का प्रदेशभर में स्वागत किया जा रहा है और महिलाओं में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।

- Advertisement -```html
```
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments