रिपोर्ट: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम विभाग की भविष्यवाणी एक बार फिर सटीक साबित होती नजर आई। बीते कुछ दिनों से जहां मैदानी और तराई क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी था, वहीं नैनीताल और आसपास के इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही थी।
हालांकि, आज सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश की इन बौछारों से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। स्थानीय लोगों ने भी इस बदलाव को राहतभरा बताया।
गौरतलब है कि इस बार कम बारिश के कारण नैनीताल की प्रसिद्ध झील का जलस्तर लगातार घट रहा है, जो चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में यह बारिश झील के जलस्तर को बढ़ाने में सहायक साबित हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में अच्छी और लगातार बारिश होती है, तो न केवल झील का जलस्तर सुधरेगा बल्कि मैदानी और तराई क्षेत्रों में भी गर्मी से राहत मिलेगी।
हालांकि, लगातार और मूसलाधार बारिश होने की स्थिति में जनजीवन प्रभावित होने की संभावना भी बनी रहती है। बारिश के कारण जहां एक ओर मौसम सुहावना हो जाता है, वहीं दूसरी ओर रोजमर्रा के कामकाज करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल, नैनीताल में मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहत लेकर आया है और सभी की नजरें आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी हुई हैं।


