संवाददाता: सचिन कुमार
सेना में लागू अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा चलाया जा रहा राज्यव्यापी आंदोलन अब अपने चौथे चरण तक पहुंच चुका है। पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन का चौथा चरण 9 मई को संपन्न हो गया। आंदोलन का अंतिम और पांचवां चरण जून महीने में रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में आयोजित किया जाएगा।
राज्यभर में चलाया गया चरणबद्ध आंदोलन
कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने बताया कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से पूरे उत्तराखंड में आयोजित किया गया।
उन्होंने जानकारी दी कि आंदोलन का पहला चरण गढ़वाल मंडल के कोटद्वार, लैंसडाउन, सतपुली, पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्रों में आयोजित किया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में कुमाऊं मंडल के पीरूमदारा, रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा और हल्द्वानी में प्रदर्शन किए गए।
वहीं तीसरे चरण के दौरान देहरादून मंडल के सहसपुर, विकासनगर, चकराता, बड़कोट, उत्तरकाशी, टिहरी, नरेंद्र नगर और मसूरी में आंदोलन आयोजित हुआ। इसके बाद चौथे चरण में खटीमा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों ने अग्निवीर योजना के खिलाफ आवाज बुलंद की।
अग्निवीर योजना को लेकर जताई नाराजगी
कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग का कहना है कि अग्निवीर भर्ती योजना युवाओं और सेना की पारंपरिक व्यवस्था के हित में नहीं है। आंदोलन के माध्यम से सरकार तक पूर्व सैनिकों और युवाओं की चिंताओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि अंतिम चरण के बाद आंदोलन को और व्यापक रूप देने पर भी विचार किया जाएगा।


