रिपोर्टर – धर्मेंद्र सिंह
मसूरी में नगर पालिका की भूमि पर लगातार बढ़ रहे कथित कब्जों और भूमि विवादों को लेकर मामला एक बार फिर गरमा गया है। नगर पालिका सभासद जसबीर कौर ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पालिका भूमि का संयुक्त सर्वे जल्द कराए जाने की मांग की है।
सभासद जसबीर कौर का कहना है कि वह इस मुद्दे को पहले भी कई बार उठा चुकी हैं, लेकिन अब तक विकासनगर प्रशासन, टिहरी प्रशासन और मसूरी नगर पालिका की ओर से संयुक्त सर्वे की कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सुवाखोली से लेकर भदराज तक नगर पालिका की बड़ी मात्रा में भूमि मौजूद है, जहां लगातार अतिक्रमण और कब्जों के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका के पास भूमि से संबंधित नक्शे उपलब्ध हैं, लेकिन संयुक्त सर्वे नहीं होने के कारण उनका प्रभावी उपयोग नहीं हो पा रहा है। जसबीर कौर के अनुसार, भदराज क्षेत्र में नगर पालिका की करीब 500 बीघा भूमि है, जिस पर वर्तमान में कई पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी कर रहे हैं।
सभासद ने कहा कि कुछ निजी भूमि स्वामी जमीन पर अधिकार जता रहे हैं, जबकि अन्य पक्ष भी संबंधित भूमि पर दावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं और अब वहां कुछ लोगों द्वारा वनाधिकार समिति गठित किए जाने की चर्चाएं भी चल रही हैं।
जसबीर कौर ने स्पष्ट कहा कि संबंधित भूमि नगर पालिका की संपत्ति है, ऐसे में वहां वनाधिकार समिति का गठन नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते संयुक्त सर्वे नहीं कराया गया, तो भदराज-दूधली भूमि विवाद और अधिक गंभीर रूप ले सकता है। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ने के साथ कानून व्यवस्था प्रभावित होने और जानमाल का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है।
बताया जा रहा है कि दूधली क्षेत्र की भूमि को लेकर पहले भी विवाद गहरा चुका है और वर्तमान में भी इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वनाधिकार समिति, बैरियर और बोर्ड लगाए जाने जैसे मामलों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।


