रिपोर्टर – अरशद हुसैन
उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत STF/ANTF देहरादून और मंगलौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले के लंढौरा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई के दौरान 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं।
पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो HF Deluxe बाइक भी कब्जे में ली है। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
प्रतिबंधित नशीली दवाओं की पुष्टि
जांच के दौरान बरामद दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का पाया गया। मामले में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में फरार आरोपियों में फारुख निवासी बहादराबाद की पहचान हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
उत्तराखंड STF ने स्पष्ट किया है कि राज्य में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।


